एनएच-130 पर तान नदी पुल से फिर शुरू हुआ आवागमन, मरम्मत के बाद यातायात बहाल

रिकॉर्ड समय में पूरा हुआ मरम्मत कार्य, कटघोरा- अंबिकापुर मार्ग पर यात्रियों और व्यापारियों को बड़ी राहत

कोरबा।कटघोरा से अंबिकापुर के बीच सफर करने वाले लोगों के लिए राहतभरी खबर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के कटघोरा-शिवनगर खंड पर गुरसियाँ स्थित तान नदी पुल की मरम्मत पूरी होने के बाद इसे आम यातायात के लिए पुनः खोल दिया है।

परियोजना कार्यान्वयन इकाई बिलासपुर के परियोजना निदेशक मुकेश कुमार ने बताया कि आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए पुल की आवश्यक संरचनात्मक मरम्मत रिकॉर्ड समय में पूरी की गई। इसके बाद इस मार्ग पर यातायात पूरी क्षमता के साथ सुरक्षित एवं सुचारु रूप से शुरू कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि पुल की रेलिंग से जुड़े शेष कार्य भी अगले कुछ दिनों में पूरे कर लिए जाएंगे। मुख्य मरम्मत कार्य पूरा होने से कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर आवागमन सामान्य हो गया है, जिससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और भारी वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है।

एनएचएआई ने कहा है कि सुरक्षित, निर्बाध और उच्च गुणवत्ता वाली सड़क अवसंरचना उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है तथा यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे।