सेवा सेतु केंद्र का किया निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और लापरवाही पर कार्रवाई के दिए निर्देश
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बरपाली तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण कर राजस्व सेवाओं, कार्यालयीन व्यवस्थाओं और नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने तहसील पहुंचे ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं और राजस्व सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सेवा सेतु केंद्र पहुंचकर विभिन्न प्रकार के प्राप्त आवेदनों का अवलोकन किया और सभी आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने न्यायालय कक्ष का निरीक्षण कर लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की तथा मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने प्रकरणों से संबंधित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने में विलंब करने वाले पटवारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने आवक-जावक शाखा, नकल शाखा और आवेदन पावती रजिस्टर का निरीक्षण कर अभिलेखों के नियमित संधारण एवं रजिस्टरों को अद्यतन रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान रजिस्टरों के नियमित परीक्षण में लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने तहसीलदारों को सभी अभिलेखों की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने नायब तहसीलदार कक्ष का भी निरीक्षण किया और तहसील परिसर में स्वच्छता एवं सुव्यवस्थित कार्य वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर सहायक कलेक्टर ईशांत जायसवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग, एसडीएम सरोज महिलांगे, तहसीलदार सहित राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

