ग्राम सिंघिया में रासेयो का 7 दिवसीय विशेष शिविर संपन्न, स्वच्छता-नशा मुक्ति के साथ कृषि नवाचार पर जोर
कोरबा। कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कटघोरा (कोरबा) की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई ने ग्राम पंचायत सिंघिया में 7 दिवसीय विशेष शिविर सफलतापूर्वक संपन्न किया। शिविर का समापन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच हुआ।
मुख्य अतिथि जनपद सदस्य सरस्वती देवी जायसवाल, सरपंच मनोज कुमार टेकाम, उप सरपंच देवनारायण शांडिल्य, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि उमेश डिक्सेना तथा अध्यक्षता कर रहे अधिष्ठाता डॉ. एस.एस. पोर्ते सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।
सरपंच मनोज टेकाम ने कहा, “7 दिनों में NSS स्वयंसेवकों ने न केवल स्वच्छता, नशा मुक्ति और मतदाता जागरूकता जैसे सामाजिक मुद्दों पर काम किया, बल्कि किसानों को आधुनिक एवं सतत खेती के नवाचार भी सिखाए। साथ ही छात्रों ने खुद किसानों के पारंपरिक अनुभवों को ग्रहण कर बहुत कुछ सीखा।”
अधिष्ठाता डॉ. एस.एस. पोर्ते ने स्वयंसेवकों से आग्रह किया कि पढ़ाई के साथ-साथ समाज हित के कार्य जारी रखें। जनपद सदस्य सरस्वती जायसवाल ने कहा कि कृषि छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ गांव के व्यावहारिक ज्ञान को भी आत्मसात करना चाहिए।
शिविर में स्वयंसेवकों ने रोज सुबह शारीरिक व्यायाम, ग्राम सर्वेक्षण, स्वच्छता अभियान, नुक्कड़ नाटक, नशा मुक्ति जागरूकता रैली और कृषि प्रदर्शनी आयोजित की। समापन अवसर पर स्थानीय छात्राओं एवं NSS स्वयंसेवकों ने लोक नृत्य, नाटक और गीत प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रोशन भारद्वाज ने सभी अतिथियों, ग्रामीणों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्राचार्य संगीता साव, बीआर जाटवर एवं डॉ. साधना अनुपम साहू का विशेष योगदान रहा।
ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि ऐसा शिविर हर साल आयोजित होना चाहिए। इससे युवा पीढ़ी और गांव दोनों का भला हो रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















