पसान रेंज में 62 हाथियों का दल सक्रिय, दंतैल ने मकान ढहाया, मवेशी की ली जान

कोदवारियां (सेन्हा) में रात के उत्पात से ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग मौके पर पहुंचा

कोरबा।कटघोरा वनमंडल के पसान वन परिक्षेत्र में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। ग्राम कोदवारियां (सेन्हा) में करीब 62 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। बीती रात झुंड में शामिल एक दंतैल हाथी बस्ती में घुस गया और गीताबाई के मकान के बड़े हिस्से को ढहा दिया। इसके अलावा खलिहान में बंधे एक मवेशी पर हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, पसान वन परिक्षेत्र में इन दिनों बड़ी संख्या में हाथियों का दल सक्रिय है। इससे पहले हाथियों का झुंड बैरा सर्किल क्षेत्र में विचरण कर फसलों को नुकसान पहुंचा रहा था। बीती रात दल आगे बढ़कर ग्राम कोदवारियां (सेन्हा) के समीप जंगल में पहुंचा। इसी दौरान झुंड में शामिल एक दंतैल हाथी जंगल से निकलकर बस्ती में घुस गया और गीताबाई के मकान को निशाना बनाते हुए उसका काफी हिस्सा ढहा दिया। अचानक हाथी के बस्ती में पहुंचने और उत्पात मचाने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने हिम्मत जुटाकर हाथी को खदेड़ने का प्रयास किया, जिसके बाद वह वापस जंगल की ओर चला गया।
बस्ती से लौटने के दौरान दंतैल हाथी ने खलिहान में बांधे गए एक मवेशी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मवेशी मालिक को घटना की जानकारी सुबह खलिहान पहुंचने पर हुई। मौके पर हाथी के पैरों के निशान देखकर हाथी के हमले की आशंका जताई गई। ग्रामीण ने तत्काल सरपंच और वन विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और आगे की कार्रवाई शुरू की।

बताया जा रहा है कि हाथियों का यह दल लंबे समय से पसान रेंज में सक्रिय है। करीब डेढ़ माह से अधिक समय तक रेंज के विभिन्न क्षेत्रों में विचरण और उत्पात मचाने के बाद हाथियों का दल वनमंडल मरवाही की ओर चला गया था। वहां लगभग 15 दिनों तक सक्रिय रहने के बाद वापस पसान रेंज लौट आया है। हाथियों की लगातार आवाजाही और नुकसान से क्षेत्र के ग्रामीण परेशान हैं।