कोरबा। शहर के बीच स्थित जेबी होटल में जुआ खेलने की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने छापेमारी कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, होटल के कमरे में शराब और चखने के इंतजाम के बीच जुआ खेला जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 18 हजार 800 रुपये जुए की रकम बरामद की। आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। लगातार सामने आ रहे जुए के मामलों ने शहर के होटल और अन्य ठिकानों पर ऐसी गतिविधियों को लेकर निगरानी बढ़ाने की मांग को फिर चर्चा में ला दिया है।
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के अनुसार, जेबी होटल में जुआ खेले जाने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। होटल के कमरे में जुआ खेल रहे पांच लोगों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान जुए में इस्तेमाल की जा रही रकम 18 हजार 800 रुपये जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में संजय कुमार (40), निवासी तुलसी नगर रोड, तरुण मिश्रा (42), निवासी सीएसईबी, दीपेश जैन (38), निवासी अवध नगर निहारिका और सुनील कुमार (39), निवासी तुलसी नगर शामिल हैं। पांचवें आरोपी धनराज कुमार निवासी सदर बाजार अमलीडीह, रायपुर को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस का कहना है कि होटल संचालक द्वारा कमरे किराए पर देकर वहां जुआ खेलने की गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। कमरे में शराब और चखने की व्यवस्था भी थी। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
एक दिन पहले उरगा में भी पकड़े गए थे छह जुआरी
जुए के खिलाफ कार्रवाई के बीच एक दिन पहले उरगा पुलिस ने पिकनिक की आड़ में जुआ खेलते छह लोगों को पकड़ा था। पकड़े गए लोगों में बाराद्वार के एल्डरमैन और एक प्रिंसिपल भी शामिल बताए गए थे। लगातार दो दिनों में जुए से जुड़े मामले सामने आने के बाद शहर के होटल, निजी कमरों और अन्य ठिकानों पर निगरानी तथा कार्रवाई को प्रभावी बनाने की मांग उठ रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
