आरंग।आरंग-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब चावल से लदा एक ट्रक (क्रमांक CG06 MO 146) अचानक चलते-चलते आग की लपटों में घिर गया। देखते ही देखते ट्रक का पूरा केबिन जलकर खाक हो गया और लोडिंग में रखी चावल की कई बोरियाँ भी आग की भेंट चढ़ गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक रेणुक देव एग्रोटेक से मोदी बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड (ओड़का) के लिए चावल लेकर जा रहा था। आरंग पहुंचने से कुछ पहले ड्राइवर ने इंजन से चिंगारी (स्पार्क) निकलते देखी। उसने तुरंत गाड़ी साइड में रोकी, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था।
स्थानीय लोगों ने पास के ढाबे से बाल्टियों में पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश की, पर लपटें नियंत्रण से बाहर थीं।
सूचना मिलते ही अमेठी स्थित एक केमिकल डिस्टिलरी कंपनी की निजी फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मौके पर पहुँची आरंग पुलिस ने घटना की जाँच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जाँच में शॉर्ट सर्किट को आग का मुख्य कारण माना जा रहा है। गनीमत रही कि ड्राइवर और क्लीनर समय रहते ट्रक से कूदकर सुरक्षित बाहर निकल आए, कोई जनहानि नहीं हुई।
हादसे से मार्ग पर कुछ देर तक यातायात बाधित रहा। जलने के बाद ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि चावल की करीब आधी बोरियाँ जलकर राख हो गईं। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















