कटघोरा में अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती: हटाओ छज्जे नहीं तो होगी कठोर कार्रवाई, अधिकारियों ने लिया जायजा

कटघोरा। कटघोरा शहर में बढ़ते अतिक्रमण पर लगाम कसने प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे निरंतर अभियान का असर धीरे-धीरे दिखने लगा है। शनिवार को एसडीएम तन्मय खन्ना के निर्देश पर नगर पालिका और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहरभर में निरीक्षण अभियान चलाया।

निरीक्षण दल में नगर पालिका के सीएमओ मुद्रिका प्रसाद तिवारी, थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी, पुलिस बल के जवान और नगर पालिका कर्मचारियों का दल शामिल था। टीम ने मुख्य चौराहा, अंबिकापुर मार्ग, बिलासपुर मार्ग सहित न्यू बस स्टैंड क्षेत्र तक अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई दुकानदार प्रशासन की कार्रवाई के बाद भी अपने दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण पूरी तरह नहीं हटाए हैं। टीम ने ऐसे दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वे तुरंत अवैध छज्जों व अतिक्रमणों को हटाएँ, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।

संयुक्त टीम को अचानक बाजार में देखकर व्यापारियों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया, जिसके बाद कई लोगों ने अनिच्छा के बावजूद अस्थायी अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया।