खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर तीन प्रतिष्ठानों में खरीद-बिक्री बंद

त्योहारी सीजन में खाद्य विभाग का जांच अभियान तेज,प्रभात डेयरी से काजू बर्फी और पेड़ा के नमूने लिए

कोरबा। त्योहारी सीजन में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच उनकी गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। विभागीय टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों की पड़ताल की। इस दौरान निर्धारित मानकों का पालन नहीं पाए जाने पर तीन प्रतिष्ठानों में सुधार होने तक खरीद-बिक्री बंद करा दी गई। वहीं एक डेयरी से मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।

आयुक्त दीपक अग्रवाल एवं कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर की गई कार्रवाई के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने निहारिका स्थित प्रभात डेयरी का निरीक्षण किया। यहां से काजू बर्फी और पेड़ा के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे गए।

इसके अलावा बुधवारी बाजार स्थित शारदा डेयरी, दर्री के श्याम स्वीट्स और तुलसी नगर स्थित बालाजी नमकीन का भी निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं पाए जाने पर इन तीनों प्रतिष्ठानों में सुधार होने तक खाद्य सामग्री की खरीद-बिक्री बंद करा दी गई।

खाद्य अधिकारी विकास भगत ने बताया कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ उनकी गुणवत्ता और शुद्धता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कारोबारियों को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। नियमों की अनदेखी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और खाद्य पदार्थों के नमूने लेने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

प्रशासन का उद्देश्य बाजार में मिलावट और असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री पर अंकुश लगाते हुए उपभोक्ताओं को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।