पोस्टर, रंगोली और नाटक से गूँजा संदेश – “हर बूँद बचाओ, धरती माँ को हरा-भरा रखो”वाटरशेड महोत्सव में बच्चों ने रंगों से बताया जल संरक्षण का महत्व

कोरबा। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना – जलग्रहण विकास घटक 2.0 के तहत जल और भूमि संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने हेतु विकासखंड पाली के ग्राम तेलसरा में 5 दिसंबर को भव्य वाटरशेड महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम रहे।

महोत्सव की शुरुआत जनजागरूकता रैली, सामूहिक श्रमदान और वृक्षारोपण से हुई। इसके बाद स्कूली बच्चों ने जल संरक्षण को समर्पित आकर्षक रंगोली, पोस्टर पेंटिंग, कविता पाठ, नृत्य और प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन रचनात्मक प्रस्तुतियों ने ग्रामीणों के मन में पानी की एक-एक बूँद बचाने का संकल्प जगा दिया।

कार्यक्रम में 3 विकास कार्यों (जल संरक्षण संरचनाओं) का लोकार्पण तथा 7 नए कार्यों का विधायक द्वारा भूमिपूजन किया गया। ये कार्य क्षेत्र में मिट्टी का कटाव रोकने और सिंचाई क्षेत्र बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

कला जत्था ने भी गीत-संगीत और लोक नृत्यों के माध्यम से जल एवं भूमि संरक्षण का संदेश घर-घर पहुँचाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम सरपंच भारत लाल मरावी ने की।

आयोजकों ने बताया कि जिले के कई ग्राम पंचायतों में इसी तरह के वाटरशेड महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं ताकि आम जनता जल संरक्षण के प्रति गंभीर हो और स्वयं आगे आए।