कोरबा। सीतामणी क्षेत्र के होटल चंदेला के कमरा नंबर 207 में 5 दिसंबर को 20 वर्षीय संध्या महंत मृत हालत में मिली थी। हत्या के इस सनसनीखेज मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी प्रेमी राकेश मानिकपुरी (25), निवासी मरकाडीह (नैला-जांजगीर) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में राकेश ने कबूल किया कि संध्या के साथ उसका लंबे समय से प्रेम-संबंध थे। दोनों 4 दिसंबर को एक कार्यक्रम के बहाने कोरबा आए और होटल चंदेला में ठहरे। 5 दिसंबर को कमरे में संध्या ने शादी के लिए जोर डाला। बात नहीं बनी तो विवाद हो गया। गुस्से में राकेश ने संध्या का गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
सुबह 11 बजे जब कमरा लंबे समय तक बंद रहा और चेकआउट का समय निकल गया, तो होटल स्टाफ को शक हुआ। खिड़की से पैर दिखने पर मास्टर की से कमरा खोला गया तो संध्या का शव बिस्तर पर पड़ा था। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
मृतका के चाचा शिवदास महंत (29), निवासी ढोढ़ीपारा (सीएसईबी चौकी) की लिखित शिकायत पर भादवि की नई धारा 103 (हत्या) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस की तफ्तीश और तकनीकी सहायता से आरोपी राकेश को कुछ ही घंटों में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने पूरा जुर्म कबूल कर लिया। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामले की विवेचना उप निरीक्षक महाशिव ध्रुवे, शारदा वर्मा एवं थाना स्टाफ कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग और शादी के दबाव में हुई यह हत्या का मामला प्रतीत होता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















