मार्गशीर्ष पूर्णिमा पर माँ सर्वमंगला घाट में हसदेव की भव्य आरती, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया नदी संरक्षण का संकल्प

कोरबा। मार्गशीर्ष पूर्णिमा के पावन अवसर पर नमामि हसदेव सेवा समिति के तत्वावधान में 4 दिसंबर की शाम माँ सर्वमंगला मंदिर घाट पर जीवनदायिनी हसदेव नदी की भव्य आरती का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर से हसदेव माँ की आरती उतारी और सैकड़ों दीप प्रज्वलित कर नदी के संरक्षण व संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य यजमान एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, कोरबा के चेयरमैन रामसिंह अग्रवाल ने कहा कि नमामि हसदेव सेवा समिति का यह जनजागरण अभियान केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि पर्यावरण और समाजहित का अत्यंत महत्वपूर्ण सत्कार्य है।

विशिष्ट यजमानों में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, साडा कोरबा के प्राचार्य रणधीर सिंह, श्रीमती मीना अदलखा तथा जिला ऑटो संघ के सचिव यशवंत कौशिक ने भी आयोजन की बेहतरीन व्यवस्था, सामूहिक भागीदारी और हसदेव संरक्षण जैसे गंभीर मुद्दे को जन-जन तक पहुँचाने की समिति की पहल की भरपूर सराहना की।

इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने हसदेव को प्रदूषण मुक्त और अविरल बहने देने का दृढ़ प्रतिज्ञा दोहराई।