अमरैयापारा वार्ड में सड़कों का डामरीकरण शुरू, मेयर-पार्षद ने किया शुभारंभ

कोरबा।नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 14 अमरैयापारा में सड़क विकास कार्यों को गति मिल गई है। स्थानीय नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद शुक्रवार को यहां तीन मार्गों के डामरीकरण कार्य की औपचारिक शुरुआत की गई।

मेयर संजूदेवी राजपूत और वार्ड पार्षद प्रभा राठौर ने भूमिपूजन कर कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान क्षेत्र के वरिष्ठजनों ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की सफलता की कामना की।

पूर्व पार्षद टीकम राठौर ने बताया कि अमरैयापारा में सड़क सुधार के लिए 25 लाख रुपए की मंजूरी मिली है। इसके साथ ही लगभग 3 करोड़ रुपए के अन्य विकास कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें मुख्य रूप से बरसात के दौरान उत्पन्न होने वाली जलजमाव समस्या के समाधान से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि संबंधित कार्यों की शुरुआत जल्द ही की जाएगी ताकि क्षेत्रवासियों को बरसों से चली आ रही समस्याओं से राहत मिल सके।