होटल चंदेला में युवती का संदिग्ध शव मिला, साथी युवक फरार

कोरबा।सीतामणी मुख्य मार्ग स्थित होटल चंदेला में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब कमरे में एक युवती का संदिग्ध शव मिला। होटल के रूम नंबर 207 में ठहरी 20 वर्षीय संध्या दास, निवासी मरकीडीह (जांजगीर-चांपा), मृत अवस्था में पाई गई, जबकि उसके साथ ठहरा युवक राकेश कुमार मानिकपुरी (निवासी जांजगीर) मौके से फरार मिला।

दोनों गुरुवार को होटल में चेक-इन हुए थे और एक विवाह समारोह में शामिल होने की बात कही थी। रात में अपने कमरे में जाने के बाद शुक्रवार सुबह देर तक कमरे से कोई हलचल न होने पर होटल कर्मचारियों ने चाबी मास्टर से दरवाजा खोलकर देखा। अंदर युवती बिस्तर पर संदिग्ध स्थिति में थी, जबकि युवक गायब था।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच की। एडिशनल एसपी नितिश ठाकुर ने बताया कि युवती के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फरार युवक को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है। होटल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।