नशे में पति ने की मारपीट, गुस्से में पत्नी ने पत्थर के जाता से कुचला सिर; 8 बच्चों के पिता की मौत, पत्नी गिरफ्तार

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के तुमान गांव में गुरुवार देर रात घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शराब के नशे में धुत 40 वर्षीय मनहरण यादव ने अपनी पत्नी कविता यादव (37) के साथ झगड़ा शुरू किया जो देखते-ही-देखते मारपीट में बदल गया।

मारपीट के दौरान पति ने पत्नी पर हमला किया तो आत्मरक्षा में कविता ने पास पड़ा पत्थर का जाता (सिलबट्टा) उठाया और पति के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से मनहरण की मौके पर ही मौत हो गई। रातभर शव कमरे में पड़ा रहा और शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई।

मृतक मनहरण यादव खेती-किसानी करता था और शराब का आदी था। ग्रामीणों के अनुसार आए दिन पत्नी से मारपीट करता था। दंपती के 8 बच्चे हैं – 6 बेटियां और 2 बेटे। इनमें से दो बेटियों की शादी हो चुकी है, बाकी बच्चे अभी नाबालिग हैं।

सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी राकेश मिश्रा, फॉरेंसिक टीम और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी पत्नी कविता यादव को गिरफ्तार कर लिया।

एएसपी नीतिश ठाकुर ने बताया, “प्रारंभिक जांच में पता चला है कि नशे की हालत में पति ने पत्नी पर हमला किया था, जिसके बाद पत्नी ने आत्मरक्षा में पत्थर के जाते से वार किया। मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।”

घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।