खेत में फँसा 9 फीट का विशालकाय अजगर, वन विभाग व नोवा नेचर टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

कोरबा। कोरबा शहर से लगे रिसदी क्षेत्र में मंगलवार को एक 9 फीट लंबा और लगभग 8 किलो वजनी भारतीय अजगर (Indian Rock Python) खेत में लगी जाली में फँस गया।

खेत में फसल काटने पहुँचे किसान संजय कंवर की नजर जब अजगर पर पड़ी, तो उन्होंने बिना देर किए वन विभाग और नोवा नेचर वेलफेयर सोसाइटी के रेस्क्यू प्रमुख जितेंद्र सारथी को सूचना दी।

सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे। टीम ने पहले अजगर को खेत से सावधानीपूर्वक बाहर निकालकर सूखी जगह पर लिटाया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से कैंची की सहायता से जाल को धीरे-धीरे काटा गया। करीब आधे घंटे की मेहनत के बाद अजगर को बिना किसी चोट के सुरक्षित रूप से मुक्त कर लिया गया। रेस्क्यू के दौरान अजगर शांत रहा और किसी तरह की आक्रामक प्रतिक्रिया नहीं दी।

सफल रेस्क्यू के बाद वन विभाग के अधिकारी जितेंद्र सारथी और भूपेंद्र जगत ने अजगर को कोरबा जिले के घने जंगल में उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया।

जितेंद्र सारथी ने बताया कि खेत में चूहों एवं अन्य हानिकारक जीवों से फसल बचाने के लिए जाल लगाया गया था, जिसमें यह अजगर अनजाने में फँस गया।

उन्होंने कोरबा जिले के लोगों की जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि “अब लोग सांपों और वन्यजीवों को मारने के बजाय रेस्क्यू टीम को सूचना देते हैं। इसके चलते हर वर्ष सैकड़ों सांपों और छोटे-बड़े वन्यजीवों की जान बचाई जा रही है।”

कोरबा में बढ़ती वन्यजीव संवेदना और जागरूकता की यह घटना एक और सकारात्मक उदाहरण बनकर सामने आई है।