दो महीने से फरार अमित बघेल ने रायपुर में किया सरेंडर, थाने के बाहर हंगामा; मां के निधन के बाद लिया फैसला

रायपुर। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल ने शुक्रवार को देवेंद्र नगर थाने में सरेंडर कर दिया। सरेंडर के दौरान थाने के बाहर भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए और उन्होंने बघेल को घेरकर उन पर हमला करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तुरंत हस्तक्षेप कर उन्हें सुरक्षित थाने के अंदर पहुंचाया, जिससे स्थिति बिगड़ने से बच गई।

मां के निधन के बाद सरेंडर का निर्णय

सरेंडर से कुछ ही घंटे पहले अमित बघेल की मां का निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर गृह ग्राम पथरी ले जाया गया है, जहां अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, बघेल जल्द ही कोर्ट में जमानत याचिका दायर कर अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति मांग सकते हैं।

कथित आपत्तिजनक बयान के बाद 12 राज्यों में FIR

अग्रसेन महाराज और सिंधी समाज के ईष्ट देवता झूलेलाल पर कथित आपत्तिजनक बयान देने के बाद देश के 12 राज्यों में अमित बघेल के खिलाफ FIR दर्ज हुई थीं। इसी मामले में वे करीब दो महीने से फरार थे।

सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद बढ़ा दबाव

26 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने बघेल की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी और कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा था कि उन्हें कानूनी प्रक्रिया का सामना करना होगा और किसी तरह की राहत नहीं मिलेगी। कोर्ट की इस टिप्पणी के बाद उन पर कानूनी दबाव और बढ़ गया था।

रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

सरेंडर के तुरंत बाद रायपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। कोर्ट परिसर और थानों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रिमांड की प्रक्रिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।

स्थिति नियंत्रण में, पुलिस की कड़ी निगरानी

पुलिस का कहना है कि मां के निधन की जानकारी मिलने के बाद ही अमित बघेल ने सरेंडर का निर्णय लिया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए शहर में सुरक्षा एजेंसियों द्वारा कड़ी निगरानी रखी जा रही है।