कोरबा। नगर निगम कोरबा ने शहर के उद्यानों को संवारने और हरित विकास को बढ़ावा देने के लिए एक अनूठी पहल की शुरुआत की है। ‘इको स्टेप्स – बैंकर्स ग्रीन एप्रोच’ योजना का शुभारंभ स्मृति उद्यान से किया गया, जहां महापौर संजूदेवी राजपूत और प्रभारी सचिव डॉ. रोहित यादव ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस अभिनव व्यवस्था के तहत शहर के पाँच प्रमुख उद्यान स्मृति उद्यान, पुष्पलता उद्यान, शिव उद्यान, महाराणा प्रताप उद्यान और आरएसएस उद्यान का संधारण और संरक्षण अब विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंक अपने स्वयं के खर्च पर करेंगे। इनमें HDFC बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, इंडियन ओवरसीज बैंक सहित एक अन्य बैंक शामिल है।
निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने बताया कि इन उद्यानों के रख-रखाव पर निगम को हर साल लगभग 50 लाख रुपये का व्यय करना पड़ता था। अब बैंकों की जिम्मेदारी तय होने से यह राशि निगम की बचत में जुड़ सकेगी, जिसे आगामी विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में खर्च किया जाएगा।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि कोरबा को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त बनाने में सभी की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने बैंकर्स ग्रीन एप्रोच को एक क्रांतिकारी कदम बताते हुए बैंकों का आभार व्यक्त किया।
प्रभारी सचिव डॉ. रोहित यादव ने इस योजना को निगम की दूरदर्शिता का उदाहरण बताया और स्वच्छ सर्वेक्षण में कोरबा को मिली 8वीं रैंक के लिए शहरवासियों को बधाई दी।
कार्यक्रम में कलेक्टर अजीत वसंत,सभापति नूतन सिंह ठाकुर,जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल सहित कई पार्षद एवं नगरवासी उपस्थित रहे। महापौर और आयुक्त ने शहर के उद्यानों को संवारने की जिम्मेदारी लेने वाले बैंकों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित भी किया।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे उद्यानों में स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखें, ताकि कोरबा और अधिक हराभरा एवं आकर्षक बन सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
