मेडिकल कॉलेज को मिला एक और पार्थिव शरीर, देहदान से चिकित्सा विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

कोरबा। कोरबा के सरकारी बिसाहूदास महंत मेमोरियल मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा की पढ़ाई कर रहे छात्रों को अनुसंधान के लिए सहुलियत मिली है। उसे एक पार्थिव शरीर प्राप्त हुआ है। संबंधित दानदाता एक सामाजिक संस्था से जुड़ा हुआ है।

मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि गुहाराम साहू की मृत्यु होने पर परिजनों ने हमें सूचना दी और पार्थिव शव उपलब्ध कराया। उनके पुत्र बनवारी प्रसाद साहू ने बताया कि काफी समय पहले पिता ने मृत्यु होने पर देहदान की इच्छा जताई थी। गायत्री परिवार और संत रामपाल के संगठन से जुड़े गुहाराम पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन के बारे में परिजनों को जानकारी दी गई और पिछली घोषणा की स्मृति कराई गई। घर पर औपचारिक संस्कार पूरे करने के साथ पार्थिव शव मेडिकल कॉलेज को दे दिया गया।

संतराम पाल ट्रस्ट के जिला संयोजक अजय ने बताया कि पार्थिव शव से अगर चिकित्सा छात्रों को सहुलियत होती है तो अच्छी बात है। बिसाहू दास महंत मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. नीलेश महोबिया ने इस प्रयास की सराहना की।

उन्होंने बताया कि अब तक 4 शव मेडिकल कॉलेज को प्राप्त हुए है। इसके लिए कुछ संगठन जागरूकता अभियान भी चला रहे है।