निलंबन काफी नहीं, कोरबा से हटाओ जिला सेनानी को : होमगार्ड जवानों का डिवीजनल कमांडेंट से सीधा ऐलान

कोरबा। होमगार्ड के महिला पुरूष सैनिकों ने एक बार फिर एक स्वर से दोहराया कि कोरबा में विवादित कामकाज को लेकर जिस जिला सेनानी अनूप एक्का को निलंबित किया गया है वह पर्याप्त नहीं है। उन्हें यहां से हटाना ही होगा।

कोरबा में विभिन्न आरोपों की जांच के साथ कर्मियों के लिए संवाद करने के लिए पहुंचे डिवीजनल कमांडेंट नरसिंह नेताम के सामने शिकायतकर्ताओं ने खुलकर अपनी बात रखी।

हैरानी की बात यह रही कि मीडिया से बातचीत के दौरान इन्हीं आरोपों पर अधिकारी ने बेहद सधे अंदाज में जवाब दिया और अधिनस्थ का बचाव करने की कोशिश की।

जिला मुख्यालय कोरबा के होमगार्ड कैंपस में डिवीजनल कमांडेंट सहित अन्य अधिकारियों ने विशेष सम्मेलन आयोजित किया। इसका उद्देश्य कर्मचारी से बातचीत करना और उनकी समस्याओं को सुनने के साथ उनका निराकरण भी करना था। पूरा मामला कोरबा के निलंबित किए गए डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट अनूप एक्का से जुड़ा था। सम्मेलन की शुरुआत से ही शिकायतकर्ता पक्ष काफी विद्रोही तेवर में रहा। अधिकारी ने यहां पर अपनी बात रखी लेकिन पूरे सत्र में कर्मचारी अपनी शिकायतों पर अड़े रहे।

सम्मेलन की समाप्ति के बाद डिवीजनल कमांडेंट नरसिंह नेताम का मीडिया से सामना हुआ। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि मीडिया के सवालो का जवाब देते हुए अधिकारी ने उस अधिकारी का बचाव करना जारी रखा जिस पर कई गंभीर आरोप है। उन्होंने बताया कि अधिकारी के काम करने का अंदाज बहुत सख्त हो सकता है इसलिए कर्मचारी इसे प्रताडऩा मानते हैं। जब उनका ध्यान पर भारी होने वाली टिप्पणी की तरफ दिलाया गया तो उन्होंने कहा कि ज्यादा परेड करने से दिक्कत की तरफ अधिकारी का ध्यान हो सकता है। बार-बार पूछने पर उन्होंने कहा कि अगर गलत संदर्भ में इसे कहा गया है तो ऐसा नहीं होना चाहिए।

सबसे मजेदार बात यह रही कि डिवीजनल कमांडेंट ने किसी भी होमगार्ड सैनिक से घरों में झाड़ू , पोछा, बर्तन और कपड़े साफ कराने से पूरी तरह इनकार कर दिया कि कोई अधिकारी ऐसा कराता होगा। उन्होंने इस मामले में निलंबित अधिकारी का पुरजोर तरीके से बचाव करते हुए कहा कि ऐसी शिकायत हमारे पास नहीं आई है और ना ही इस तरह से काम करने का  मैन्युअल में लिखा हुआ है।

ऐसा नहीं कर सकते डिस्ट्रीक्ट कमांंडेंट
कोरबा में अनेक पीडि़त सैनिकों की शिकायत के बाद दबाव में आकर आनन-फानन में डीसी को सस्पेंड कर दिया गया।

मामले में कई सवाल खड़े हुए है। कोरबा में डिवीजनल कमांडेंट से प्रकरण को लेकर जो सवाल किए गए, इस पर उन्होंने सीधे तौर पर जवाब देने से दूरी बनाई और उल्टे बचाव में कहा कि डिस्ट्रीक्ट कमांडेंट ऐसा नहीं कर सकते।

उन्होंने जिस तरह से अपने आप को प्रस्तुत किया उससे लगा कि कर्मचारी भले ही कुछ कहे लेकिन उनके नीचे काम करने वाला अधिकारी किसी भी दृष्टिकोण से गलत हो ही नहीं सकता। शिकायतकर्ताओं ने सीधे तौर पर कहा कि हम अपने इरादे पर अडिग है और आगे ऊपर तक शिकायत करेंगे।