प्रभारी सचिव डॉ. रोहित यादव की समीक्षा बैठक : हर घर सौर ऊर्जा, चावल उत्सव और अवैध धान पर सख्ती के निर्देश

कोरबा।जिले के प्रभारी सचिव एवं राज्य शासन में ऊर्जा, जनसंपर्क, पर्यटन व संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। उन्होंने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा आमजन तक उनका अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डॉ. यादव ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना पर विशेष बल देते हुए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर ऊर्जा के विस्तार को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने यूएलए मॉडल के तहत घरों में सोलर प्लांट स्थापित करने तथा हितग्राहियों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने निर्देशित किया।

कलेक्टर अजीत वसंत ने बताया कि जिले में 316 पीएम जनमन आवासों में सोलर पैनल स्थापना की स्वीकृति दी गई है और कार्य जारी है।

प्रभारी सचिव ने डीएमएफ, पीएम आवास ग्रामीण व शहरी, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, अमृत सरोवर, एनआरएलएम सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने महिलाओं के कौशल उन्नयन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण एवं अधूरे कार्यों को निर्धारित अवधि में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

स्वच्छता सर्वेक्षण में कोरबा नगर निगम को राष्ट्रीय स्तर पर 8वां स्थान मिलने पर डॉ. यादव ने बधाई देते हुए आगे भी बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा की। निगम क्षेत्र में पेयजल परियोजना, मल्टीलेवल पार्किंग, ऑक्सीजन, सड़क निर्माण व ग्रीन वार्ड जैसे अभिनव कार्यों की भी समीक्षा की गई।

खाद्य विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने चावल उत्सव के माध्यम से सभी राशन कार्डधारी परिवारों को समय पर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने को कहा। वहीं धान खरीदी में पात्र किसानों को प्राथमिकता देने तथा अवैध धान की आवक, भंडारण, परिवहन व विक्रय पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।

कृषि विभाग को सरसों, मूंगफली, सूरजमुखी जैसी फसलों का रकबा बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और कृषि यांत्रिकीकरण को बढ़ावा देने कहा। साथ ही वन, स्वास्थ्य, शिक्षा, आदिवासी विकास और महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा हुई।

बैठक में कलेक्टर अजीत वसंत,पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी,निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।