कोरबा। हरदीबाजार थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे में 43 वर्षीय पवन कुमार श्रीवास की मौत हो गई। वे छिंदपुर निवासी थे और हरदीबाजार स्थित एक कपड़ा दुकान में कर्मचारी के रूप में काम करते थे।
मंगलवार रात ड्यूटी खत्म कर घर लौटते समय हरदीबाजार थाना से लगभग 50 मीटर दूरी पर स्थित मोड़ पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पवन की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुटे और पुलिस को खबर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान सुनिश्चित की। हादसे की जानकारी परिजन और ग्रामवासी हरदीबाजार थाने पहुंचे और फरार वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। बताया गया कि परिजन पवन के घर लौटने का इंतजार कर रहे थे, तभी उन्हें घटना की सूचना मिली।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों का अत्यधिक दबाव रहता है, जिसके कारण अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं। उन्होंने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ ठोस और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, क्योंकि पूर्व में हुई कार्रवाई उन्हें केवल औपचारिक लगी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
