प्रेम विवाह करने वाली नवविवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर मिली, पुलिस जांच जारी

कोरबा। सीतामढ़ी मुख्य मार्ग स्थित एक घर में 22 वर्षीय नवविवाहिता सरस्वती यादव का शव फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

बताया गया कि सरस्वती ने करीब एक वर्ष पहले सीतामढ़ी निवासी 28 वर्षीय आशीष केवट से प्रेम विवाह किया था। दोनों आशीष के परिवार के साथ रह रहे थे। घटना के समय घर के अन्य सदस्य काम पर गए हुए थे और सरस्वती घर में अकेली थी।

आशीष के अनुसार उसे जानकारी मिली कि सरस्वती ने घर में लोहे के एंगल से फांसी लगा ली है। वह उसे तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

आशीष ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद सरस्वती अपने मायके जाती रहती थी। कुछ दिन पहले उसकी अपने भाई से बातचीत में भाई ने कहा था कि “अब शादी हो गई है, कोई मतलब नहीं है”, जिससे वह मानसिक रूप से आहत थी।

मामला नवविवाहिता की मौत से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना देकर मौके पर तहसीलदार को बुलाया। तहसीलदार की मौजूदगी में बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। नियमानुसार डॉक्टरों का पैनल पोस्टमार्टम करेगा।

पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।