दुकान-गोदाम पर छापा : 1500 कट्टी (600 क्विंटल) अवैध धान जप्त, गोदाम सील

कोरबा।कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अजीत वसंत के निर्देश पर पाली अनुविभाग में अवैध धान भंडारण एवं खरीदी पर सख्त कार्रवाई जारी है।

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रोहित सिंह के मार्गदर्शन में तहसीलदार भूषण सिंह मंडावी के नेतृत्व में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को ग्राम मादन में स्थित व्यापारी शुभम अग्रवाल पुत्र नरेन्द्र अग्रवाल के दुकान एवं गोदाम पर छापेमारी की।

कार्रवाई में गोदाम क्रमांक-01 एवं 02 से कुल लगभग 600 क्विंटल (1500 बोरी) धान जब्त किया गया, जिसमें 520 क्विंटल पतला धान और 80 क्विंटल मोटा धान शामिल है। दोनों गोदामों को सील कर धान को जब्ती में ले लिया गया तथा सुपुर्दगी में शुभम अग्रवाल को दे दिया गया।

यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत की गई है।

टीम में नायब तहसीलदार सुश्री राशिका अग्रवाल, हल्का पटवारी, खाद्य निरीक्षक रविराज पाली, मंडी उपनिरीक्षक दिनेश कुमार एवं आकाश भारद्वाज (कटघोरा) शामिल रहे।

एसडीएम रोहित सिंह ने बताया कि पाली तहसील क्षेत्र में अब तक कुल 1011 क्विंटल अवैध धान जब्त किया जा चुका है। उन्होंने चेतावनी दी है कि बिना अनुमति धान खरीदी एवं भंडारण करने वालों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।