जर्जर सड़क फिर बनी काल: प्रोटेक्शन वॉल व पेड़ से टकराई बस, प्रशासन की अनदेखी पर उठे सवाल
पेंड्रा से बिलासपुर जा रही एक निजी यात्री बस मंगलवार देर रात बंजारी घाट के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे प्रोटेक्शन वॉल से टकराई और फिर एक पेड़ से जा भिड़ी।
भीषण हादसे में बस में सवार 6 यात्रियों को चोटें आईं, जिनमें दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद बस में चीख-पुकार मच गई। अन्य यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही जीपीएम पुलिस, स्थानीय चौकी प्रभारी और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची।
सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए गौरेला- पेंड्रा- मरवाही जिला अस्पताल और बिलासपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि बंजारी घाट का यह घाट लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और टूटी सतह के कारण आए दिन वाहन असंतुलित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क मरम्मत की गुहार लगाई, लेकिन कोई स्थायी कार्यवाही नहीं हुई। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना के साथ क्षेत्र में सुरक्षित सड़क की मांग एक बार फिर तेज हो गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

