बिना परमिट खदान में दौड़ रही थी कर्मचारी बस,परिवहन विभाग ने ठोका 50 हजार का चालान

मध्यप्रदेश पासिंग बस पर कार्रवाई, छत्तीसगढ़ का मोटरयान कर भी नहीं किया था जमा; जांच के बाद वाहन जब्त

कोरबा।कोरबा जिले के कोयला खदान क्षेत्र में कर्मचारियों के परिवहन में लगी मध्यप्रदेश पासिंग की बस पर परिवहन विभाग ने कार्रवाई की है। जांच में बस के पास आवश्यक परमिट नहीं होने और छत्तीसगढ़ का मोटरयान कर जमा नहीं किए जाने का मामला सामने आया। नियमों के उल्लंघन पर विभागीय टीम ने वाहन जब्त करने की कार्रवाई की। साथ ही, वाहन मालिक के खिलाफ ऑनलाइन चालान जारी कर 50 हजार रुपये की राशि जमा कराई गई।

जानकारी के अनुसार, खदान क्षेत्र में कर्मचारी बस के रूप में संचालित इस वाहन को लेकर परिवहन विभाग को सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर विभागीय टीम मौके पर पहुंची और बस के दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान परमिट नहीं होने तथा छत्तीसगढ़ में देय मोटरयान कर जमा नहीं किए जाने की अनियमितता सामने आई। इसके बाद विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर लिया।

सूचना मिलते ही हरकत में आया परिवहन विभाग
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि संबंधित बस के मालिक के खिलाफ ऑनलाइन माध्यम से चालान की कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। इस तरह की अनियमितताओं की सूचना मिलने पर विभागीय टीम जांच कर आवश्यक कदम उठाएगी।

खदान क्षेत्र में वाहनों की जांच पर जोर
कोयला खदानों में कर्मचारियों के परिवहन के लिए संचालित बसों के पास आवश्यक दस्तावेज, वैध परमिट और निर्धारित मोटरयान कर का भुगतान होना जरूरी है। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से खदान क्षेत्र में चलने वाले वाहनों के दस्तावेजों की जांच और परिवहन नियमों के पालन का मुद्दा फिर सामने आया है।

विभाग की ओर से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।