कोरबा।शारदीय नवरात्रि के पर्व पर मां दुर्गा की आराधना का उल्लास कोरबा जिला जेल में भी नजर आ रहा है। जेल में निरुद्ध 22 बंदियों ने नवरात्रि के नौ दिनों तक व्रत रखने का संकल्प लिया है। इनमें 19 पुरुष और 3 महिला बंदी शामिल हैं। बंदियों की धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए जेल प्रबंधन ने उनके लिए अलग बैरक से लेकर फलाहार तक की विशेष व्यवस्था की है।
व्रत रखने की इच्छा जताने वाले बंदियों को उपवास की अनुमति देने से पहले डॉक्टर से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। चिकित्सकीय जांच के बाद ही उन्हें व्रत रखने की अनुमति दी गई, ताकि उपवास के दौरान उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखा जा सके। जेल प्रबंधन ने व्रतधारियों की सुविधा के साथ उनकी सेहत को भी प्राथमिकता दी है।
व्रतधारियों के लिए अलग बैरक
नवरात्रि का व्रत रखने वाले बंदियों के लिए जेल परिसर में अलग बैरक की व्यवस्था की गई है। उनके लिए फलाहार उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही, बैरक में स्वच्छता और शुद्धता बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि बंदी धार्मिक परंपराओं के अनुरूप व्रत रख सकें और पूजा-अर्चना कर सकें।
जेलर अमितेश कुमार साहू ने बताया कि नवरात्रि में व्रत रखने वाले बंदियों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। डॉक्टर की जांच के बाद ही उन्हें उपवास की अनुमति दी गई है। व्रतधारियों के लिए अलग बैरक और फलाहार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
नवरात्रि के अवसर पर जिला जेल में की गई इन व्यवस्थाओं से बंदियों को अपनी धार्मिक आस्था के अनुरूप व्रत रखने का अवसर मिल रहा है। इस दौरान जेल परिसर में भी भक्ति और आराधना का माहौल बना हुआ है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















