नर्सरी में पेड़ पर लटका मिला 24 वर्षीय युवक का शव,रातभर तलाशते रहे परिजन

रविवार शाम से था लापता, घर से 100 मीटर दूर मिला शव; पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

कोरबा।बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम राकसिपारा डगनिया में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित नर्सरी में एक युवक का शव पेड़ पर लटका मिला। सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने शव देखा और इसकी सूचना परिजनों तथा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मृतक की पहचान जय कुमार पटेल (24), पिता मोहन पटेल, निवासी राकसिपारा डगनिया के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जय कुमार रविवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। उसके घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए और रातभर उसकी तलाश करते रहे। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह नर्सरी में उसका शव मिलने की खबर से परिवार में शोक छा गया।

घर से कुछ दूरी पर मिला शव
ग्रामीणों की सूचना पर बांकीमोंगरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को नीचे उतरवाया गया और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

मजदूरी कर परिवार की करता था मदद
परिजनों के मुताबिक, जय कुमार अविवाहित था और मजदूरी कर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। वह माता-पिता और भाई-बहनों के साथ रहता था। परिजनों ने बताया कि वह कम लोगों से मेलजोल रखता था और अधिकतर समय घर पर ही रहता था। पिछले कुछ दिनों से वह काम पर भी नहीं जा रहा था। हालांकि, उसकी मौत के पीछे क्या परिस्थितियां रहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

पुलिस ने कायम किया मर्ग
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि युवक रविवार शाम से लापता था। सोमवार सुबह नर्सरी में उसका शव मिलने की सूचना मिली। परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। बांकीमोंगरा पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस का कहना है कि मौत से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।