कोरबा।घुड़देवा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को करीब एक करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नवीन शाला भवन की सौगात मिली है। सोमवार को प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से 99.64 लाख रुपये की लागत से बने इस भवन से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि डीएमएफ मद से जर्जर स्कूल भवनों और आंगनबाड़ी केंद्रों के स्थान पर नए भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। नवीन शाला भवन विद्यार्थियों को सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में मददगार होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है।
विद्यार्थियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी
कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि विद्यालय के प्राचार्य ने नवीन भवन की आवश्यकता की ओर ध्यान आकर्षित कराया था। इसके बाद भवन निर्माण की दिशा में पहल की गई। उन्होंने कहा कि नया भवन विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ पढ़ाई के लिए प्रेरित भी करेगा। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य जयश्री माहुलीकर सहित शिक्षकगण मौजूद रहे। इसके अलावा बांकीमोंगरा नगर पालिका अध्यक्ष सोनी झा, विकास झा, उदय शर्मा, मनीष मिश्रा, पार्षद अश्विनी मिश्रा एवं देवकी साहू, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन सहित जितेंद्र सिंह, शशि साहू, संतोष कर्ष, अनीता राजपूत, रामेश्वर वैष्णव, संतोष यादव और अनूपा साहू उपस्थित थे। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थी भी शामिल हुए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















