गोपाल मोदी के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ता, छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार के मामले में कार्रवाई और जवाबदेही तय करने की मांग
कोरबा। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने सोमवार को कोरबा के टीपी नगर में धरना-प्रदर्शन किया। भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर संबंधित मामले में कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता और भाजपा पदाधिकारी शामिल हुए।

राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत की विशेष उपस्थिति रही। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। कार्यकर्ताओं ने नारी सम्मान, महिला सुरक्षा और छात्राओं की गरिमा से जुड़े मुद्दे उठाते हुए मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।
महिलाओं के सम्मान से समझौता बर्दाश्त नहीं : गोपाल मोदी
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि नवरात्रि जैसे पावन पर्व पर मातृशक्ति के सम्मान और सुरक्षा का विषय विशेष महत्व रखता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेएनयू की छात्राओं से जुड़े मामले में कांग्रेस की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों में राजनीतिक दलों को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।
मोदी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को विशेष सम्मान दिया गया है। महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने संबंधित सांसद के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए आवाज उठाती रहेगी।
सांसद की जवाबदेही भी तय हो : संजू देवी राजपूत
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि जेएनयू की छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में महिला मोर्चा ने प्रदर्शन किया है। उन्होंने संबंधित व्यक्ति को पद से हटाने के साथ सांसद के रूप में उनकी जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं और छात्राओं के सम्मान से जुड़े गंभीर मामलों में उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
नारी सम्मान से समझौता नहीं : प्रीति स्वर्णकार
भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार ने कहा कि महिलाओं का सम्मान किसी राजनीतिक दल तक सीमित विषय नहीं, बल्कि देश की संस्कृति, सभ्यता और आत्मसम्मान से जुड़ा प्रश्न है। उन्होंने कहा कि छात्राओं से जुड़े मामले में जवाबदेही तय कर संबंधित सांसद के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। महिला मोर्चा नारी के सम्मान और स्वाभिमान के मुद्दे पर अपना विरोध जारी रखेगा।
प्रदर्शन में राज्य हाथकरघा संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन एवं रुक्मणी नायर, जिला मंत्री सतीश झा एवं अजय कंवर, महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री संतोषी दीवान सहित अर्जुन गुप्ता, मनोज राठौर, शैलेन्द्र यादव, संजय राठौर, प्रदीप सिंह, नीरज ठाकुर, अविनाश दुबे, कुलसिंह कंवर, राजेश लहरे, रामनारायण सराफ, बीडी शर्मा, मंडल अध्यक्ष डिलेन्द्र यादव, योगेश मिश्रा, मनोज लहरे और मनीष मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा महिला मोर्चा ने जेएनयू प्रकरण में कार्रवाई की मांग करते हुए महिला सुरक्षा और नारी सम्मान के मुद्दे पर अपनी बात रखी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















