सुराकछार रामबाबू कैंप में आधी रात वारदात,आर्टिका कार, दो बैटरियां और तलवार जब्त; दूसरा आरोपी फरार
कोरबा। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के सुराकछार स्थित रामबाबू कैंप में खड़े वाहनों से पहिए चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि आधी रात कैंप में घुसे आरोपियों ने वाहनों से चार पहिए निकाल लिए और विरोध करने पर मुंशी को तलवारनुमा धारदार हथियार दिखाकर धमकाया। वारदात के बाद पहिए लेने दोबारा पहुंचे आरोपियों की घेराबंदी की गई। इस दौरान एक आरोपी पकड़ा गया, जबकि दूसरा फरार हो गया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त आर्टिका कार समेत चोरी के पहिए, दो बैटरियां, तलवार और व्हील पाना जब्त किया है।
रात दो बजे वाहनों से निकाल रहे थे पहिए
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुराकछार के रामबाबू कैंप में मुंशी विकास यादव रात में सो रहे थे। करीब दो बजे जब वे उठे, तो उन्होंने देखा कि कैंप में खड़े वाहनों से पहिए निकाले जा रहे हैं। निकाले गए पहियों को सड़क की ओर रखा जा रहा था। विकास यादव ने आरोपियों से पूछताछ की, तो कथित तौर पर उन्होंने उनकी गर्दन पर तलवारनुमा हथियार रखकर डराया-धमकाया।
इस बीच विकास यादव ने शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। हालांकि, चोरी किए गए पहिए वहीं छोड़ दिए गए थे।
पहिए लेने लौटे तो वाहन मालिकों ने घेरा
कुछ देर बाद आरोपी कथित रूप से चोरी के पहिए लेने दोबारा पहुंचे। तब तक मुंशी विकास यादव ने वाहन मालिकों और अन्य साथियों को सूचना देकर बुला लिया था।
आरोपियों को दोबारा मौके पर देखकर वाहन मालिकों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। खुद को घिरता देख आरोपी आर्टिका कार से सुराकछार से बांकीमोंगरा की ओर भागने लगे।
बताया गया कि भागते समय आरोपी पुरेना की ओर अंडरब्रिज के नीचे से गुजरते हुए खेत में जा घुसे। इस दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि कार निकालने का प्रयास कर रहे दूसरे आरोपी को वाहन मालिकों ने पकड़ लिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
कार, चार पहिए और दो बैटरियां जब्त


सूचना मिलने पर बांकीमोंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को कार सहित थाने ले गई। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आर्टिका कार क्रमांक CG 04 PC 9142, चोरी के चार पहिए, दो बैटरियां, एक तलवार और एक व्हील पाना जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नजीर अली (26), पिता रियासत अली, निवासी तेंदुटिकरा, उदयपुर, जिला सरगुजा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 207/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 309(4) एवं 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई में बांकीमोंगरा थाना प्रभारी सत्यम साहू, पीएसआई निखिल देवांगन, सहायक उपनिरीक्षक नंदलाल टंडन तथा आरक्षक संजय रात्रे, हरीश मरावी, बुद्ध सिंह मधुकर, संजय सिंह और हिमांचल कंवर की भूमिका रही।
खड़े वाहनों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
सुराकछार के रामबाबू कैंप में हुई इस घटना ने खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। आधी रात वाहनों से पहिए निकालने और विरोध करने पर धारदार हथियार दिखाकर धमकाने के आरोप घटना की गंभीरता को दर्शाते हैं। अब पुलिस के सामने फरार आरोपी को पकड़ने के साथ ही वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करने की चुनौती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















