मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग, कुसमुंडा में कांग्रेस का धरना- प्रदर्शन

कोरबा।मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस के निर्देश पर कुसमुंडा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को मुख्य चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। ब्लॉक अध्यक्ष बसंत चंद्रा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर नारेबाजी की और पुतला दहन कर अपना विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान मतदाता सूची और वोट देने के अधिकार से जुड़े मुद्दे उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग की गई।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची की प्रक्रिया में मृत और भौतिक रूप से अनुपस्थित पाए गए लोगों के नामों से जुड़े मामलों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। पार्टी ने दावा किया कि इस प्रक्रिया के कारण बड़ी संख्या में भारतीय नागरिकों के मताधिकार पर असर पड़ा है। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की।

विरोध के बीच इस्तीफा दें मुख्य चुनाव आयुक्त : मुकेश राठौर

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि जब मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं और लगातार विरोध हो रहा है, तो उन्हें स्वयं अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठने वाली आपत्तियों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

कोरबा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पालूराम साहू ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से तत्काल इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन में पार्षद रवि चंदेल, गीता गभेल, पूर्व एल्डरमेन आरिफ खान, परमानंद सिंह, जिला कांग्रेस पदाधिकारी अनिल अग्रवाल, शत्रुहन श्रीवास, लक्ष्मी विश्वकर्मा, अनिता, ललित चंद्रा, राजू लोहार, दीपक वर्मा, नवीन कुकरेजा, रामकुमार जलतारे और आशीष अग्रवाल सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

धरना-प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग दोहराते हुए मतदाता सूची और मताधिकार से जुड़े मुद्दों पर चुनाव आयोग की जवाबदेही तय करने की मांग की।