महालया पर मां दुर्गा के स्वागत में गेवरा में सांस्कृतिक कार्यक्रम

मातृ शक्ति काली मंदिर में महिलाओं ने दीं प्रस्तुतियां, भक्तिमय माहौल में की सुख-समृद्धि की कामना

कोरबा। शारदीय नवरात्र के आगमन पर गेवरा परियोजना के बुधवारी बाजार स्थित मातृ शक्ति काली मंदिर में धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। महालया के अवसर पर मां दुर्गा के स्वागत में मातृ शक्ति काली मंदिर सेवा समिति की महिलाओं ने मंदिर के पुजारी खोकन घटक के नेतृत्व में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। महिलाओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जगत जननी मां दुर्गा के आगमन की खुशी व्यक्त की।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने मां शक्ति की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। मां के स्वागत में आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने धार्मिक आस्था और उत्सव के उल्लास को जीवंत किया।

महालया के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के आगमन पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक सौहार्द, आपसी सद्भाव और भक्ति की भावना को मजबूत किया।