डंपर ऑपरेटर के घर को चोरों ने बनाया निशाना, पीछे का दरवाजा तोड़कर घुसे; पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोरबा।एसईसीएल के कुसमुंडा क्षेत्र स्थित आवासीय कॉलोनी में चोरों ने एक कर्मचारी के सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पार कर दी। बी-322 आवास में रहने वाले डंपर ऑपरेटर विकुल दास के घर से चोर करीब 8 लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। घटना के समय विकुल दास अपने परिवार के साथ अंबिकापुर गए हुए थे। घर लौटने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, विकुल दास के घर पर ताला लगा होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने मकान के पीछे का दरवाजा तोड़कर भीतर प्रवेश किया। इसके बाद घर में रखी अलमारी को तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
अंबिकापुर से लौटने पर गृहस्वामी ने घर के भीतर सामान बिखरा देखा। जांच करने पर अलमारी टूटी मिली और उसमें रखे कीमती जेवरात व नकदी गायब थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूने मकानों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
कुसमुंडा क्षेत्र की आवासीय कॉलोनी में हुई इस वारदात से लोगों में चिंता का माहौल है। सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं होने से कॉलोनी की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान करने, उन्हें पकड़ने और चोरी गए सामान की बरामदगी की चुनौती है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















