मां दुर्गा उत्सव समिति बस स्टैंड हरदीबाजार द्वारा लगातार 18 वें वर्ष किया जा रहा दुर्गा पूजा, नवरात्रि के प्रथम दिन हुई प्राण प्रतिष्ठा

हरदीबाजार। बस स्टैंड हरदीबाजार स्थित मां दुर्गा उत्सव समिति द्वारा इस वर्ष लगातार 18वें वर्ष शारदीय नवरात्र पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। नवरात्र के प्रथम दिन मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के साथ विधि-विधानपूर्वक प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की गई। इसके साथ ही नौ दिनों तक चलने वाले धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की शुरुआत हो गई। हरदीबाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में यह दुर्गा पूजा उत्सव श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है।

नौ दिनों तक होंगे विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम
मां दुर्गा उत्सव समिति द्वारा नवरात्र के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें रंगोली प्रतियोगिता, डांस प्रतियोगिता, आर्केस्ट्रा, जस जागरण, आकर्षक झांकियां, जादूगर का कार्यक्रम और दशहरा उत्सव प्रमुख हैं। इन आयोजनों में क्षेत्र के श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भागीदारी रहती है। समिति द्वारा हर वर्ष धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाता है।

मांदर की थाप पर होती है विशेष आरती
बस स्टैंड स्थित दुर्गा पूजा की खास पहचान यहां होने वाली विशेष आरती है, जो मांदर की थाप के साथ की जाती है। आरती के दौरान भक्तिमय माहौल बन जाता है और श्रद्धालु मां दुर्गा की भक्ति में लीन नजर आते हैं। समिति की ओर से प्रतिदिन आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाता है। इसमें खीर, पूड़ी, खिचड़ी, जलेबी, हलवा और चना सहित विभिन्न प्रसाद शामिल रहते हैं।

श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील
लगातार 18 वर्षों से आयोजित हो रहे इस दुर्गा पूजा उत्सव ने हरदीबाजार क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। नवरात्र के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन करते हैं और पूजा-अर्चना में शामिल होते हैं।

मां दुर्गा उत्सव समिति ने हरदीबाजार और आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मां दुर्गा का आशीर्वाद लेने तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागी बनने की अपील की है।