बुधवारी बस्ती में चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक बाइक जलकर राख

कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गौरी शंकर मंदिर स्थित बुधवारी बस्ती में रविवार देर रात करीब 12 बजे उस समय हड़कंप मच गया जब एक घर में चार्जिंग पर खड़ी इलेक्ट्रिक बाइक अचानक धूं-धूं कर जलने लगी।

परिवार के लोग खाना खाकर सोने की तैयारी कर रहे थे। तभी धुएं और चटचटाहट की आवाज सुनकर बाहर निकले तो देखा कि इलेक्ट्रिक बाइक में आग की लपटें उठ रही हैं।

घरवालों ने फौरन बाल्टी से पानी और रेत डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बाइक का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था।

प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मोहल्ले में लोगों की भीड़ जमा हो गई। गनीमत रही कि समय रहते आग बुझा ली गई, वरना पूरा घर जल सकता था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इलेक्ट्रिक वाहनों में चार्जिंग के दौरान आग लगने की यह कोरबा में कुछ महीनों में तीसरी बड़ी घटना है, जिसने लोगों में दहशत पैदा कर दी है।