पति की बेवफाई पर सवाल उठाया तो पत्नी-बेटी को पीटा, 3 साल की मासूम के सिर पर पत्थर मारने की कोशिश;मामला दर्ज

कोरबा। दीपका थाना क्षेत्र के ग्राम सिरकी में एक पति पर अपनी पत्नी और 3 साल की मासूम बेटी के साथ मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

आरोप है कि पति दूसरी महिला से लगातार फोन पर बात करता था, जब पत्नी ने इसका विरोध किया तो उसने पहले पत्नी को हाथ-पैर और मुक्कों से पीटा, फिर घर से भगा दिया। गली में भी मारपीट जारी रही। बीच-बचाव करने आए पड़ोसियों पर पत्थर फेंका, जिससे बचने के लिए झुकते वक्त पत्थर 3 वर्षीय बेटी के दाहिने कनपटी पर लगा और खून बहने लगा।

पीड़िता ने बताया कि 2019 में सामाजिक रीति-रिवाज से शादी हुई थी। पति पहले भी शक और दूसरी महिला से बात करने की वजह से मारपीट करता रहा है। उसने यह बात अपनी मां, भाई-भाभी और ससुर को भी बताई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

घटना 30 नवंबर 2025 की दोपहर करीब 12 बजे की है। पीड़िता की शिकायत पर दीपका पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ भादंवि की नई धाराओं (बीएनएस) 296, 115(2), 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।