ठेका श्रमिकों के पीएफ में गड़बड़ी का आरोप, सीटू ने एसईसीएल से की जांच की मांग

ईपीएफ की जगह सीएमपीएफ में अंशदान जमा कराने का उठाया मुद्दा, पात्र श्रमिकों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने की मांग

कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की विभिन्न परियोजनाओं एवं प्रतिष्ठानों में कार्यरत ठेका श्रमिकों के भविष्य निधि (पीएफ) को लेकर कोयला श्रमिक संघ (सीटू) ने सवाल उठाए हैं। संगठन ने आरोप लगाया है कि पात्र ठेका श्रमिकों के भविष्य निधि अंशदान को निर्धारित कोल माइंस प्रोविडेंट फंड (सीएमपीएफ) के बजाय कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) में जमा किया जा रहा है। वहीं, कई ठेका श्रमिकों का सीएमपीएफ में शत-प्रतिशत पंजीयन और कवरेज सुनिश्चित नहीं किए जाने की शिकायत भी की गई है।
इस मामले में कोयला श्रमिक संघ (सीटू) के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार निराला एवं महासचिव वीएम मनोहर ने एसईसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक को पत्र भेजकर हस्तक्षेप करने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।

संगठन ने अपने पत्र में कहा है कि कोयला खान भविष्य निधि एवं विविध प्रावधान अधिनियम, 1948 के तहत पात्र श्रमिकों को निर्धारित सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलना चाहिए। ठेका श्रमिकों के भविष्य निधि संबंधी अधिकारों की अनदेखी उनके सामाजिक सुरक्षा हितों को प्रभावित कर सकती है। इसलिए इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।

ईपीएफ खातों की जांच कर सीएमपीएफ में राशि हस्तांतरित करने की मांग
सीटू ने मांग की है कि पात्र ठेका श्रमिकों के ईपीएफ खातों में जमा अंशदान एवं संबंधित अभिलेखों की जांच कर नियमानुसार सीएमपीएफ में राशि हस्तांतरित करने की कार्रवाई की जाए। साथ ही एसईसीएल की सभी परियोजनाओं में कार्यरत पात्र ठेका श्रमिकों का शत-प्रतिशत सीएमपीएफ पंजीयन सुनिश्चित किया जाए।
संगठन ने ठेकेदारों द्वारा निविदा सूचना (एनआईटी) और कार्यादेश में निर्धारित शर्तों के पालन की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया है। इसके अलावा परियोजनावार एवं ठेकेदारवार सीएमपीएफ पंजीयन और अंशदान का विशेष लेखा परीक्षण कराने की मांग उठाई है।

जिम्मेदार ठेकेदारों और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
सीटू ने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों के साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन ने एसईसीएल प्रबंधन से की गई कार्रवाई का लिखित प्रतिवेदन (एटीआर) उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि शिकायत पर हुई कार्रवाई की जानकारी मिल सके।


इस पत्र की प्रतिलिपि सीएमपीएफ आयुक्त, संबंधित अधिकारियों और एसईसीएल के मानव संसाधन निदेशक को भी भेजी गई है। सीटू ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समयसीमा में समस्या का समाधान नहीं होने पर इस मामले को सक्षम प्राधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा।