बिना वाइब्रेटर के कंक्रीट ढलाई किए जाने पर निगम प्रशासन की कार्रवाई, पूरी नाली रातों-रात तुड़वाई
कोरबा। स्व. बिसाहू दास महंत मेडिकल कॉलेज परिसर में नगर निगम द्वारा कराए जा रहे नाली निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद निगम प्रशासन हरकत में आ गया है। निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों की अनदेखी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने बिना वाइब्रेटर के तैयार की गई पूरी नाली को रातों-रात तुड़वा दिया। अब संबंधित ठेकेदार को निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप नए सिरे से नाली का निर्माण कराना होगा।
दरअसल, मेडिकल कॉलेज परिसर में नगर निगम की ओर से नाली निर्माण कराया जा रहा था। निर्माण के दौरान कंक्रीट की ढलाई में वाइब्रेटर का इस्तेमाल नहीं किए जाने को लेकर सवाल खड़े हुए थे। मौके पर मौजूद ठेकेदार के मिस्त्री ने भी स्वीकार किया था कि वाइब्रेटर पिछले दो-तीन दिनों से खराब पड़ा है। इसके अलावा निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सरिया की गुणवत्ता और निर्धारित तकनीकी मापदंडों के पालन को लेकर भी आपत्तियां सामने आई थीं।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद निगम प्रशासन ने निर्माण की गुणवत्ता को लेकर हस्तक्षेप किया। अधिकारियों ने तकनीकी खामियों को देखते हुए बिना वाइब्रेटर के बनाई गई पूरी नाली को हटाने का निर्णय लिया। इसके बाद रातों-रात नाली को तुड़वा दिया गया।
तकनीकी मानकों के अनुरूप होगा दोबारा निर्माण
निगम प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब ठेकेदार को नए सिरे से नाली का निर्माण कराना होगा। निर्माण के दौरान कंक्रीट की ढलाई में वाइब्रेटर के इस्तेमाल सहित निर्धारित तकनीकी प्रक्रियाओं का पालन करना होगा। चंद घंटों पहले तैयार हुई नाली को तुड़वाने की इस कार्रवाई ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और ठेकेदारों की जवाबदेही को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
