छठ पूजा की तैयारी पर फिर फिरा पानी, देर रात हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ने से बहे पूजा के मठ

करन घाट सहित पुरानी बस्ती के छठ घाटों में मची अफरा-तफरी, बिना पूर्व सूचना पानी छोड़े जाने का आरोप; पिछले साल की घटना दोहराने पर लोगों में आक्रोश

कोरबा।ऊर्जाधानी में पूर्वांचलवासियों का प्रमुख छठ पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। शनिवार को खरना व्रत के साथ पर्व की शुरुआत हुई। रविवार शाम व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे, जबकि सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय पर्व का समापन होगा। पर्व को लेकर शहर के विभिन्न छठ घाटों पर तैयारियां की गई हैं, लेकिन हसदेव नदी के किनारे स्थित कुछ घाटों पर देर रात अचानक जलस्तर बढ़ने से श्रद्धालुओं की तैयारियों पर पानी फिर गया।

जानकारी के अनुसार, पुरानी बस्ती के करन घाट सहित हसदेव नदी के किनारे स्थित आसपास के छठ घाटों पर शनिवार रात करीब 9:30 बजे अचानक पानी बढ़ने लगा।

इससे पूजा के लिए नदी किनारे बनाए गए मठ और अन्य अस्थायी व्यवस्थाएं पानी में बह गईं। व्रतियों और उनके परिजनों ने रविवार शाम की पूजा के लिए इन स्थानों पर पहले से तैयारी कर रखी थी। घाटों पर बांस-बल्ली लगाकर टेंट भी लगाए गए थे, लेकिन रात में जलस्तर बढ़ने से पूरी मेहनत बेकार हो गई।

इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में जल संसाधन विभाग के प्रति नाराजगी है। लोगों का कहना है कि पिछले साल भी छठ पर्व के दौरान दर्री बांध से अचानक पानी छोड़े जाने के कारण इसी तरह की स्थिति बनी थी। उस समय भी बिना पूर्व सूचना पानी छोड़े जाने को लेकर विरोध जताया गया था।

इसके बावजूद इस साल फिर वैसी ही घटना होने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व के दौरान घाटों पर पानी छोड़ने या जलस्तर बढ़ने की आशंका को लेकर पहले से सूचना दी जानी चाहिए, ताकि व्रतियों और आयोजन समितियों को परेशानी न हो।