कांग्रेस ने पं. जवाहरलाल नेहरू की 136वीं जयंती पर किया स्मरण

कोरबा।भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 136वीं जयंती पर जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर की ओर से टीपी नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पं. नेहरू के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके जीवन, विचारों तथा देश की आजादी के आंदोलन में योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने पंडित नेहरू के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे बच्चों से बेहद स्नेह करते थे। बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। उन्होंने उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद वकालत की और बाद में महात्मा गांधी के नेतृत्व में स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। देश की आजादी के लिए उन्हें कई बार जेल भी जाना पड़ा।

महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में नेहरू का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वे अपने विचारों को सरलता और स्पष्टता के साथ प्रस्तुत करते थे। ओबीसी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष गजानंद साहू ने उन्हें शांतिप्रिय और मेहनती व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि बच्चों के प्रति उनके विशेष लगाव के कारण ही उनकी जयंती 14 नवंबर को देशभर में बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है।

अजा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नारायण कुर्रे ने कहा कि पंडित नेहरू केवल राजनीतिज्ञ ही नहीं, बल्कि बहुमुखी प्रतिभा के धनी चिंतक और लेखक भी थे। वहीं पालुराम साहू ने उनके व्यक्तित्व और योगदान को याद किया।

इस अवसर पर पार्षद रवि चंदेल, डॉ. रामगोपाल कुर्रे, पूर्व पार्षद डॉ. रामगोपाल यादव, पार्षद बद्री किरण, जिला महामंत्री मनहरण राठौर (इंटक), जिला पदाधिकारी सुभद्रा सिंह, हिमांशु सिंह और जिला कांग्रेस कार्यालय महामंत्री सुरेश कुमार अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।