जनजातीय गौरव दिवस पर कोरबा से 10 हजार लोगों के धरमजयगढ़ पहुंचने का दावा

कोरबा।भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर पड़ोसी जिले के धरमजयगढ़ में बड़ा आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे। इस आयोजन में कोरबा जिले से करीब 10 हजार लोगों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है। जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं।

गोपाल मोदी ने बताया कि कोरबा और रामपुर विधानसभा क्षेत्र से लगभग 250 वाहनों के माध्यम से कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों को धरमजयगढ़ ले जाने की व्यवस्था बनाई गई है।

कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होना है। इसे देखते हुए सुबह 6 बजे तक सभी वाहनों की रवानगी का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए भाजपा के जिला, मंडल और बूथ स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

वाहनों और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय पर जोर

जिलाध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पहले से रणनीति तैयार की गई थी। जिला भाजपा की टीम पूरी व्यवस्था की निगरानी कर रही है। वाहनों की उपलब्धता, कार्यकर्ताओं को निर्धारित स्थानों से रवाना करने और उन्हें समय पर धरमजयगढ़ पहुंचाने के लिए समन्वय बनाया गया है। इस संबंध में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन भी मिल रहा है।

गोपाल मोदी ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी के अभियानों के लिए मार्गदर्शन मिलेगा। उन्होंने बताया कि पंच परिवर्तन सहित पार्टी की ओर से संचालित विभिन्न अभियानों को आगे बढ़ाने में ऐसे आयोजनों से नई दिशा और प्रेरणा मिलेगी। आने वाले कार्यक्रमों, अभियानों और चुनावी गतिविधियों में भी कार्यकर्ताओं को इससे अनुभव और संबल मिलेगा।