न्यू एरा स्कूल में बाल दिवस पर नृत्य प्रतियोगिता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कोरबा।न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल में बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर एकल नृत्य प्रतियोगिता सहित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वहीं शिक्षक-शिक्षिकाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी खास बना दिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, उनकी रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना और आत्मविश्वास के साथ अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित करना था। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में किशोर बुटोलिया उपस्थित रहे। एकल नृत्य प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में संश्रीति वोहरा एवं दीपा टांडिया ने अपनी भूमिका निभाई।

इस अवसर पर विद्यालय के संरक्षक बी.एल.साहू,चेयरमैन किशोर कुमार साहू, निदेशक दिलीप कुमार साहू और प्रभारी प्राचार्य ऋतेश कुमार राय उपस्थित रहे। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने भी आयोजन में सहभागिता की।

समारोह का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। शिक्षकों ने अपनी प्रस्तुतियों से बच्चों का उत्साह बढ़ाया और कार्यक्रम को मनोरंजक बनाया। बाल दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए उमंग, उल्लास और यादगार पलों से भरा रहा।