आनंद बाजार की तर्ज पर बुधवारी के छोटे कारोबारियों को शिफ्ट क्यों नहीं किया गया : मुकेश राठौर

कोरबा। बुधवारी क्षेत्र में सड़क किनारे वर्षों से व्यवसाय कर आजीविका चलाने वाले छोटे कारोबारियों को हटाए जाने के मामले में जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर के अध्यक्ष मुकेश राठौर ने नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के सीजन में इन कारोबारियों को हटाना उचित नहीं है। उनके परिवारों की आजीविका इसी छोटे-मोटे व्यवसाय पर निर्भर है। ऐसे में बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए उन्हें हटाना मानवीय दृष्टिकोण से भी उचित नहीं है।

मुकेश राठौर ने कहा कि बुधवारी क्षेत्र में कई लोग लंबे समय से सड़क किनारे व्यवसाय करते आ रहे हैं। नगर निगम को पहले से पता था कि यहां छोटे कारोबारी अपनी दुकानें लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इसके बावजूद त्योहारों के सीजन में उन्हें हटाने की जरूरत क्यों पड़ी, यह समझ से परे है।

उन्होंने कहा कि कोरबा में पहले से ही आवागमन और व्यापार से जुड़ी कई चुनौतियां हैं। ऐसे समय में छोटे कारोबारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा करना उचित नहीं है।

कुछ को व्यवस्थापन, बाकी कारोबारियों को उनके हाल पर क्यों छोड़ा?

कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि जब आसपास के क्षेत्र के कुछ कारोबारियों को व्यवस्थापन के नाम पर आनंद बाजार में शिफ्ट किया गया है, तो बुधवारी के दूसरे व्यवसायियों के लिए वैसी व्यवस्था क्यों नहीं की गई? उनके लिए अलग से व्यवस्थित मार्केट विकसित करने की पहल अब तक क्यों नहीं हुई?

उन्होंने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर किन अधिकारियों ने यह तय किया कि कुछ कारोबारियों को शिफ्ट किया जाए और बाकी को बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के छोड़ दिया जाए। इस तरह का भेदभावपूर्ण रवैया विरोध को जन्म देगा। राठौर ने कहा कि कांग्रेस प्रभावित और पीड़ित कारोबारियों के साथ खड़ी है तथा उनके हितों की आवाज उठाती रहेगी।