कोरबा। शहर में खाद्य पदार्थों की बिक्री में लापरवाही का एक मामला सामने आया है। पावर हाउस रोड स्थित शिव मंदिर के पास संचालित हरियाणा जलेबी दुकान में एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री बेचे जाने का आरोप ग्राहक ने लगाया है। ग्राहक के मुताबिक दुकान से खरीदी गई कोल्ड ड्रिंक पीने के कुछ देर बाद एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। हालांकि, कोल्ड ड्रिंक के सेवन और तबीयत खराब होने के बीच चिकित्सकीय संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
ग्राहक और उसके परिजनों का आरोप है कि दुकान में सितंबर और अक्टूबर माह में ही एक्सपायर हो चुके ब्रेड, दूध के पैकेट और कोल्ड ड्रिंक सहित अन्य खाद्य सामग्री बिक्री के लिए रखी गई थी। शुक्रवार शाम एक व्यक्ति दुकान से कोल्ड ड्रिंक लेकर घर पहुंचा और उसका सेवन किया। कुछ ही समय बाद उसे उल्टियां होने लगीं। परिजनों ने आशंका जताई कि तबीयत बिगड़ने की वजह एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक हो सकती है।



खाद्य लाइसेंस को लेकर भी उठाए सवाल
परिजनों के अनुसार, जब दुकान संचालक से खाद्य लाइसेंस और बिक्री के लिए रखी गई सामग्री की वैधता को लेकर सवाल किया गया तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि इस दौरान दुकानदार और कर्मचारियों के साथ ग्राहक का विवाद भी हुआ। घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच बहस देखी जा सकती है, हालांकि उसमें आपत्तिजनक भाषा होने के कारण इसे सार्वजनिक करना उचित नहीं है।
इस मामले की खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में शिकायत किए जाने की जानकारी सामने आई है, हालांकि शिकायत की प्रति फिलहाल उपलब्ध नहीं है। ऐसे में दुकान में एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री और ग्राहक की तबीयत बिगड़ने के मामले की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
खाद्य दुकानों की नियमित जांच जरूरी
शहर में पैकेज्ड खाद्य सामग्री बेचने वाली दुकानों पर अक्सर अलग-अलग कंपनियों के उत्पाद बिक्री के लिए रखे जाते हैं, लेकिन उनकी एक्सपायरी डेट की नियमित जांच नहीं की जाती। कई बार दुकानदार और कर्मचारी भी बिक्री के दौरान इस ओर ध्यान नहीं देते। इसका सीधा नुकसान उपभोक्ताओं को उठाना पड़ सकता है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग से मांग की जा रही है कि केवल शिकायत मिलने पर चुनिंदा दुकानों की जांच करने के बजाय निर्धारित कार्यक्रम के तहत थोक और खुदरा खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जाए। इससे एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री पर अंकुश लगाने और उपभोक्ताओं की सेहत की सुरक्षा में मदद मिल सकती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
