आरामदायक और निष्क्रिय जीवनशैली मधुमेह का प्रमुख कारण : डॉ. नागेंद्र शर्मा
कोरबा। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में निहारिका रोड स्थित महानदी कॉम्प्लेक्स के पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 36 मरीजों की निःशुल्क रक्त शर्करा जांच की गई तथा विभिन्न साध्य, असाध्य एवं कष्टसाध्य रोगों से पीड़ित लोगों को आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श और उपचार संबंधी मार्गदर्शन दिया गया।
शिविर का शुभारंभ नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा एवं शिविरार्थियों ने भगवान धन्वंतरि और भारत माता के पूजन के साथ किया। शिविर में डॉ. शर्मा ने मधुमेह से बचाव और नियंत्रण के लिए आयुर्वेद आधारित आहार-विहार, दिनचर्या और ऋतुचर्या की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मरीजों को मधुमेह के प्रबंधन के लिए उपयोगी योगासनों और प्राणायाम का व्यक्तिगत प्रशिक्षण भी दिया।




नियमित व्यायाम और योग को दिनचर्या में करें शामिल
डॉ. नागेंद्र शर्मा ने कहा कि आरामदायक और निष्क्रिय जीवनशैली मधुमेह के प्रमुख कारणों में से एक है। जो लोग लंबे समय तक कुर्सी या गद्दी पर बैठे रहते हैं और नियमित व्यायाम, योग अथवा शारीरिक गतिविधियां नहीं करते, उनमें मधुमेह का जोखिम बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि मधुमेह मुख्यतः जीवनशैली से जुड़ा रोग है। इससे बचाव और नियंत्रण के लिए अपनी दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव करना जरूरी है। नियमित व्यायाम, योग और प्राणायाम को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
उन्होंने मधुमेह रोगियों को मंडूकासन,शशकासन, पादहस्तासन,वक्रासन और मर्कटासन का अभ्यास कराया।
इसके साथ ही भस्त्रिका, कपालभाति और अनुलोम-विलोम प्राणायाम का भी प्रशिक्षण दिया।
शिविर में लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा, सचिव प्रत्युष सक्सेना, कोषाध्यक्ष लायन सुधीर सक्सेना, उपाध्यक्ष लायन गजेंद्र राठौड़ सहित अश्विनी बुनकर, नेत्रनन्दन साहू, कमल धारिया, अरुण मानिकपुरी, सिद्धराम शाहनी, देवबली कुंभकार, बबलू सोनी, अनुराग कंवर और गुनगुन राठिया उपस्थित रहे।
पंचकर्म टेक्नीशियन पिंकी बरेठ, शैल कुमारी निषाद तथा श्री शिव औषधालय की संचालिका प्रतिभा शर्मा ने भी शिविर के आयोजन में सहयोग दिया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
