ठाड़पखना स्कूल में उत्साह के साथ मनाया गया बाल दिवस

कोरबा। पाली विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला ठाड़पखना, संकुल पटपरा में बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के तैलचित्र पर तिलक लगाकर और गुलाब के फूल अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में प्रधान पाठक संतोष पटेल ने बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू को बच्चों से विशेष लगाव था। बच्चे उन्हें स्नेहपूर्वक चाचा नेहरू कहकर पुकारते थे। इसी कारण उनके जन्मदिन 14 नवंबर को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा, अच्छे संस्कार और अनुशासन का महत्व समझाते हुए जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान सहायक शिक्षिका लक्ष्मी तिवारी एवं अनामिका महंत ने मधुर गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी खुशनुमा हो गया।

बाल दिवस को लेकर विद्यालय के बच्चों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। गीत-संगीत और प्रेरक संदेशों के बीच कार्यक्रम आनंदमय वातावरण में संपन्न हुआ।