श्री अग्रसेन गौधाम में 17 नवंबर को मनेगी गोपाष्टमी, गौ पूजन के बाद होगा भंडारा

कोरबा। कोरबा-चांपा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ग्राम कनबेरी के श्री अग्रसेन गौधाम में 17 नवंबर, मंगलवार को गोपाष्टमी महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। अग्रवाल सभा कोरबा एवं श्री अग्रसेन गौधाम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विधि-विधान से गौ पूजन, सांस्कृतिक मंचीय कार्यक्रम और भंडारा प्रसाद वितरण किया जाएगा। आयोजन में बड़ी संख्या में गौभक्तों के शामिल होने की तैयारी है।

कार्यक्रम के निर्धारित समय के अनुसार, सुबह 8 से 10 बजे तक गौ माता का विधि-विधान से पूजन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 से 1 बजे तक मंचीय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। दोपहर 1:30 बजे से श्रद्धालुओं के लिए भंडारा प्रसाद वितरण शुरू किया जाएगा।

बच्चों को गौ सेवा के संस्कारों से जोड़ने की अपील
अग्रवाल सभा कोरबा ने श्रद्धालुओं से सपरिवार आयोजन में शामिल होकर गौ माता का पूजन करने और आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

आयोजकों ने अभिभावकों से बच्चों को भी साथ लाने का आग्रह किया है, ताकि वे अपने हाथों से गौ माता को चारा खिलाकर गौ सेवा और जीवों के प्रति संवेदना के संस्कार सीख सकें। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाने की अपील की है।