ग्रामीणों को मिलेगी सौर ऊर्जा की सुविधा, पहाड़ी कोरवा परिवारों की राह आसान बनाने धरसा निर्माण के निर्देश
कोरबा। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल ग्राम सतरेगा को सौर ऊर्जा से जोड़ने की पहल की जा रही है। गांव के सभी 200 घरों की छतों पर सोलर सिस्टम लगाए जाएंगे। इससे ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ ऊर्जा का लाभ मिलेगा। गांव में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत संचालित विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। साथ ही स्कूलों में बालिकाओं के लिए शौचालयों की उपलब्धता और उनकी स्थिति की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे और सभी कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूरे किए जाएं।
पहाड़ी कोरवा परिवारों के आवागमन पर भी ध्यान
ग्राम सतरेगा में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों को आवागमन में होने वाली परेशानियों को भी गंभीरता से लिया गया। उनकी सुविधा के लिए धरसा निर्माण के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इससे पहाड़ी कोरवा परिवारों के लिए आवागमन का रास्ता सुगम हो सकेगा।
इस अवसर पर जनपद पंचायत कोरबा के सीईओ संजय राय, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) के एसडीओ, छत्तीसगढ़ विद्युत विभाग के अधिकारी, विकसित भारत जी राम जी योजना के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
