बाल वैज्ञानिक स्नेहा ने मॉडल से सुझाया मानव-हाथी संघर्ष रोकने का उपाय

गांव के चारों ओर नहर, प्रवेश द्वार पर सेंसर और सीसीटीवी लगाने का दिया सुझाव; संभाग स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में किया प्रदर्शन

कोरबा। मानव-हाथी संघर्ष की समस्या से निपटने के लिए अरदा की बाल वैज्ञानिक स्नेहा ने एक अभिनव मॉडल प्रस्तुत किया है। इसमें गांव के चारों ओर नहर निर्माण और प्रवेश द्वार पर सेंसर व सीसीटीवी कैमरे लगाने का सुझाव दिया गया है। मॉडल के माध्यम से उसने बताया कि तकनीक और बेहतर संरचना के इस्तेमाल से हाथियों की आवाजाही पर नजर रखने के साथ ग्रामीणों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकती है।

बाल विज्ञान कांग्रेस का संभाग स्तरीय प्रदर्शन 12 एवं 13 नवंबर को बिलासपुर स्थित उन्नत शिक्षा केंद्र में आयोजित किया गया। इसमें स्नेहा ने अपने मॉडल के जरिए मानव-हाथी संघर्ष को कम करने का तरीका समझाया।

उसके प्रस्ताव के अनुसार गांव के चारों ओर नहर बनाई जाए तथा प्रवेश मार्ग पर ऐसा गेट लगाया जाए, जो सामान्य स्थिति में ग्रामीणों के आवागमन के लिए खुला रहे और खतरे के समय बंद किया जा सके।

मॉडल में प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरा और सेंसर लगाने का भी सुझाव दिया गया है। इससे हाथियों की मौजूदगी और उनकी आवाजाही का पता लगाया जा सकेगा। हाथियों के गांव की ओर आने की सूचना मिलने पर गेट बंद कर ग्रामीणों को संभावित खतरे से बचाने में मदद मिल सकती है।

स्नेहा के इस प्रयास की जिला शिक्षा अधिकारी, विद्यालय के प्राचार्य एवं वरिष्ठ व्याख्याता श्री कंवर ने सराहना की। उन्होंने मार्गदर्शक शिक्षक प्रकाश पड़वार और बाल वैज्ञानिक स्नेहा के प्रयासों को भी प्रोत्साहित किया।