छठ पूजा के लिए दुकानें लगाने पहुंचे छोटे व्यापारियों की परेशानी पर जताई नाराजगी, महापौर के हस्तक्षेप के बाद हटाए गए निगम के वाहन
कोरबा। बुधवारी बाजार में शनिवार को छोटे व्यापारियों के समर्थन में महापौर संजू देवी राजपूत और नगर निगम कर्मचारियों के बीच तनातनी की स्थिति बन गई। दुकानदारों की शिकायत पर बाजार पहुंचीं महापौर ने सड़क किनारे खड़े निगम के वाहनों को हटाने के निर्देश दिए। कर्मचारियों द्वारा तत्काल निर्देशों का पालन नहीं किए जाने पर महापौर सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं। मामला बढ़ता देख निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और वाहनों को हटवाया। इसके बाद महापौर ने अपना धरना समाप्त किया।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले नगर निगम आयुक्त ने बुधवारी बाजार और आसपास सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले दुकानदारों को हटाने के निर्देश दिए थे। इसके पालन में निगम कर्मचारी कार्रवाई करने पहुंचे थे। इस दौरान स्थानीय विक्रेताओं और निगम कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया था। मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई थी। इसके विरोध में निगम कर्मचारियों ने बुधवारी मोड़ पर अपने वाहन खड़े कर दिए थे।
छठ पूजा के लिए दुकानें लगाने में हो रही थी परेशानी
शनिवार को छठ पूजा के अवसर पर छोटे दुकानदार व्यवसाय करने के लिए बुधवारी बाजार पहुंचे तो उन्हें अपनी दुकानें और पसरा लगाने में परेशानी हुई। बाजार में निगम के वाहन खड़े होने के कारण उनके लिए जगह उपलब्ध नहीं हो पा रही थी। दुकानदारों ने इस समस्या की जानकारी महापौर संजू देवी राजपूत को दी। शिकायत मिलते ही महापौर मौके पर पहुंचीं और निगम कर्मचारियों को वाहन हटाने के निर्देश दिए।
बताया गया कि निर्देश के बावजूद जब वाहन तत्काल नहीं हटाए गए तो महापौर ने नाराजगी जताते हुए सड़क पर धरना शुरू कर दिया। उनके धरने पर बैठने के बाद निगम प्रशासन में हलचल मच गई। अधिकारी मौके पर पहुंचे और सड़क किनारे खड़े निगम के वाहनों को हटवाया।
त्योहार पर छोटे व्यापारियों को परेशान करना उचित नहीं : महापौर
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को व्यवसाय करने का अधिकार है। त्योहार के समय छोटे व्यापारियों को इस तरह परेशान करना उचित नहीं है। नगर निगम को व्यापारियों की समस्याओं को समझते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं, पार्षद एवं एमआईसी सदस्य लक्ष्मण श्रीवास ने कहा कि नगर निगम को सभी व्यापारियों के प्रति एकरूपता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। व्यापारियों को व्यवसाय के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराया जाना चाहिए। किसी एक वर्ग या व्यक्ति को निशाना बनाकर कार्रवाई करना उचित नहीं है।
महापौर के विरोध और धरने के बाद निगम अधिकारियों ने मौके से वाहन हटवा दिए। इसके बाद महापौर ने धरना समाप्त कर दिया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
